Breaking

शाजी थॉमस

मोदी की गारंटी मतलब हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी है

कोयलांचल/बस्तर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर को 27 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने के बाद विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नगरनार इस्पात संयंत्र के मालिक बस्तर के लोग हैं। देश के संसाधनों पर पहला हक गरीब का है। उन्होंने फिर कहा कि मोदी सरकार धान का दाना दाना खरीदती है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ लूटने का काम किया है। छत्तीसगढ़ में चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। छत्तीसगढ़ में अपराध बढ़े हैं। हत्याओं के मामले में छत्तीसगढ़ और राजस्थान के बीच प्रतिस्पर्धा चल रही है। छत्तीसगढ़ में विकास बैनर पोस्टर में दिखता है या फिर कांग्रेस के नेताओं की तिजोरी में दिखता है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अगर कुछ दिया है तो वह है झूठा प्रचार और घोटाले। कांग्रेस की सरकार झूठे प्रचार की आड़ में यहां लोगों की आंख में धूल झोंक रही है। अखंड भ्रष्टाचार करते हैं। इसलिए आज छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है कि अउ नई साहिबो, बदल के रहिबो।

*बस्तर तब भी था, जब राम आये थे*

प्रधानमंत्री के कहा कि यह बस्तर, यह दंडकारण्य आज बना हो, ऐसा नहीं है। यहां मेरे आदिवासी भाई बहन मेरे प्रधानमंत्री बनने के बाद नहीं बसे हैं। यहां यह तब भी थे, जब प्रभु राम यहां आए थे। अटल जी की सरकार ने अलग छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। भाजपा सरकार ही थी जिसने जनजाति विकास के लिए काम किया। अलग से मंत्रालय बनाया। कांग्रेस ने दशकों तक क्या किया? कांग्रेस ने बस्तर को नजरअंदाज किया। आपकी परवाह ही नहीं की। दो-चार ठेकेदारों को अपना समझते थे। बाकी किसी की परवाह नहीं की। भाजपा सरकार ने यहां मेडिकल कॉलेज बनाया।भाजपा सरकार ने दंतेवाड़ा में एजुकेशन सिटी बनाई मैं भी उसको देखने गया था। मैंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा आदिवासी क्षेत्रों में गुजारा है। मेरा तो आपसे सीधा नाता है। दिल का नाता है।

*प्लांट का मालिक बस्तर के लोग*

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मोदी की गारंटी है कि बस्तर का यह स्टील प्लांट आपका है। इसके मालिक मेरे बस्तर के लोग हैं। मेरे छत्तीसगढ़ के लोग हैं। मोदी इसका मालिक नहीं है और न ही कोई कांग्रेसी को इसका मालिक बनने देने वाला हूं। इस प्लांट के मालिक सिर्फ बस्तर के मेरे भाई बहन हैं। कोई आपका हक नहीं छीन सकता। कांग्रेस के नेताओं को किसी हाल में कब्जा नहीं करने दिया जाएगा।

आज यहां 27000 करोड़ के प्रोजेक्ट बस्तर को मिले हैं। आज यहां देश के आधुनिकतम स्टील कारखाने का लोकार्पण हुआ है। इतना बड़ा स्टील कारखाना आपको मिला है। आपको गौरव हो रहा है। यह गौरव छत्तीसगढ़ के कांग्रेस वालों को नहीं हो रहा है। इतना बड़ा कार्यक्रम सरकार का था। छत्तीसगढ़ सरकार का एक मंत्री भी नहीं आया। मुख्यमंत्री नहीं आए। उपमुख्यमंत्री नहीं आए।भलाई के कार्य में राज्य सरकार को आना चाहिए कि नहीं? यह अगर आपका भला चाहते तो यहां आकर बैठना चाहिए कि नहीं? ये जनता की भलाई के काम में नहीं आते हैं तो इसके दो कारण हैं। इन्हें उनकी सरकार जाने की इतनी चिंता है कि उनके पास यहां आने के लिए समय ही नहीं है। सरकार बचाने में लगे हैं। और, दूसरा कारण है कि मोदी है। अगर मोदी के सामने जाना है तो कोई भ्रष्टाचारी मोदी से आंख नहीं मिला सकता। इसलिए वह आने से डरते हैं। भाग जाते हैं। यह स्टील का कारखाना हमारे बलिराम कश्यप का सपना था, जो साकार हुआ है।

कांग्रेस छत्तीसगढ़ को लूट रही है*

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ राजस्थान को लूट का सबसे बड़ा खजाना बना दिया। कांग्रेस के हर छोटे बड़े नेता को 15 साल जो नहीं मिला, वह भी 5 साल में जमा कर लिया। 15 साल तक छत्तीसगढ़ को लूटने का मौका नहीं मिला तो वह कसर भी अभी निकलना शुरू कर दी। उन्होंने तो गौ माता के नाम पर भी घोटाला कर दिया। गोबर तक को नहीं छोड़ा। इन्होंने क्या-क्या नहीं किया। उनके भ्रष्टाचार के सबसे बड़े शिकार मेरे बस्तर के नौजवान हैं।*

पीएससी के घोटालेबाज जाएंगे जेल*

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को नौकरी का वादा किया था। नौकरी में ही घोटाला कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने पीएससी भर्तियों में अपने बच्चों रिश्तेदारों को सेट कर दिया। चारों तरफ लूट मचाई। उनकी पार्टी तो राजनीति में भी अपने ही बच्चों को सेट करती है और नौकरियों में भी यही करती है। छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों, आदिवासी पिछड़े परिवार से कांग्रेस ने नौकरी छीन ली है। उनका रोजगार छीन लिया है।नौकरी लगी नहीं। जो पहले से सरकारी नौकरी में हैं उनको भी कांग्रेस ने परेशान किया है। सरेआम भ्रष्टाचार हो रहा है।

*पहला हक गरीब का*

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने एक अलग अलाप शुरू कर दिया है। कांग्रेस के नेता कहते हैं जितनी आबादी,उतना हक। मैं कहता हूं कि इस देश में सबसे बड़ी कोई आबादी है तो वह गरीब है। इसलिए मेरे लिए गरीब ही सबसे बड़ी आबादी है और गरीब का कल्याण ही मेरा मकसद है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी क्या सोच रहे होंगे? वह तो कहा करते थे कि देश के संसाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है और उसमें भी पहले मुसलमान का है। अब कांग्रेस कह रही है कि आबादी तय करेगी कि पहला हक किसका होना चाहिए। क्या अब अल्पसंख्यकों का हक कांग्रेस खत्म करना चाहती है।

*आउटसोर्सिंग से चल रही कांग्रेस*

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को कांग्रेस के लोग नहीं चला रहे। कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता मुंह पर ताला लगा कर बैठे हैं। कुछ पूछने और बोलने की हिम्मत करते हैं। अब तो कांग्रेस को आउटसोर्स कर दिया गया है। कांग्रेस को ऐसे लोग चला रहे हैं, जो देश विरोधी ताकतों से मिले हुए हैं। कांग्रेस किसी भी कीमत पर देश के हिंदुओं को बांट कर भारत को तबाह कर देना चाहती है। कांग्रेस गरीबों को बांटना चाहती है। मोदी ने पिछले 9 साल में सभी योजनाएं गरीबों के लिए दी हैं।गरीबों में आत्मविश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए तो देश का गरीब सबसे बड़ी जाति है। यही सबसे बड़ी बिरादरी है। अगर गरीब का भला हो गया तो देश का भला होगा। कांग्रेस ने एक दूसरे देश के साथ क्या गुप्त समझौता किया है, पूरा देश देख रहा है। समझौते के बाद कांग्रेस और ज्यादा भारत की बुराई करने में लगी हुई है। भारत की अच्छी बातों को बुरे तरीके से पेश करती है। ऐसा लगता है कि उनका भारत का प्रेम ही कम होता जा रहा है। आपको आगाह करता हूं ऐसी साजिश से सतर्क रहना चाहिए। इस देश के संसाधनों पर पहला हक भारत के गरीबों का है। गरीब चाहे कोई हो। चाहे दलित हो, पिछड़ा हो, आदिवासी हो, सामान्य वर्ग का हो। सबसे बड़ी जाति मेरे लिए गरीब है। हमें गरीबों का जीवन बदलना है। कांग्रेस इस देश के लोगों में भेदभाव बढ़ाना चाहती है। कांग्रेस ने देश को सिर्फ गरीबी दी है। लोगों को बांटने का काम किया। ताकि उसका वोट बैंक सुरक्षित रहे। आज भी यह यही कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग वर्ग अपने हक के लिए आवाज उठा रहे हैं लेकिन उन्हें जेल में डाला जा रहा है। उनकी आवाज दबाने में लगे हैं।भाजपा सरकार सामाजिक न्याय के लिए समर्पित होगी। हमने महरा महारा समाज को आदिवासी वर्ग में शामिल किया है। 12 जनजाति की मात्रात्मक त्रुटि सुधार कर वर्षों से वंचित रहे लोगों को उनका हक दिया है। मोदी की गारंटी मतलब हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी है।

*पहली महिला आदिवासी को राष्ट्रपति बनाया*

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे गर्व है कि देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनाने का गौरव भी भाजपा को मिला है। आप जानते हैं कांग्रेस की तुलना में भाजपा सरकार आदिवासी समाज के लिए 5 गुना ज्यादा बजट देती है। वे 100 रुपये देते थे तो हम 500 रुपये देते हैं। भाजपा सरकार ने ही 15 नवंबर भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। हमारी सरकार आदिवासी सेनानियों क्रांतिवीरों को समर्पित स्वतंत्रता सेनानी म्यूजियम बना रही है। हमने जनजाति वर्ग के छात्रों की छात्रवृत्ति ढाई गुना कर दी। 300 से अधिक एकलव्य आवासीय विद्यालय बने हैं, मेरे जनजाति बच्चों के लिए। भाजपा सरकार देश में आकांक्षी जिला कार्यक्रम चल रही है। बस्तर संभाग में अनेक जिले इन आकांक्षी जिलों में शामिल हैं। अब तो हम उससे भी आगे बढ़ करके जिले से लेकर आकांक्षी ब्लॉक की पहचान कर रहे हैं। अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े बड़े-बड़े प्रोजेक्ट यहां शुरू होने वाले हैं। इसके अलावा भी हम छत्तीसगढ़ में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास कर रहे हैं।

*कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के लोगों की परवाह नहीं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के लोगों की परवाह नहीं है। उनकी प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ छत्तीसगढ़ की संपदा को लूटना है। छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा को लूटने के लिए कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। यहां से जो भी खनिज निकलता था, इसका लाभ कांग्रेस के राज में उन्हें ही मिला। उनकी प्राथमिकता छत्तीसगढ़ की इस खनिज संपदा को लूटना है। भाजपा ने आपको विकास का साझेदार बनाया। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने इसमें भी घोटाला कर दिया है।छत्तीसगढ़ को 8 लाख करोड़ दिए। जनता को कुछ नहीं मिला। हमारे जनजाति समाज का हिस्सा उन तक नहीं पहुंचा। कांग्रेस ने नमक से ठगा है। चिरौंजी जैसे बहुमूल्य पदार्थ इकट्ठा करते थे, बाजार पहुंचते थे वहां उन्हें 2- 4 किलो नमक दे दिया जाता था। भाजपा की सरकार ने राशन की दुकानों में मुफ्त नमक दिया। तब जाकर आदिवासी का शोषण खत्म हुआ। यह आदिवासी की वनोपज औने पौने दाम पर खरीदते थे। भाजपा 90 वनोपज को एमएसपी के दायरे में ला चुकी है। भाजपा सरकार ने वन धन केंद्र बनाकर वनवासियों को काम देने का रास्ता खोला। आदिवासी को रोजगार मिला है। कांग्रेस की सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के साथ क्या किया? भाजपा ने तेंदूपत्ता के काम से जुड़े परिवारों के लिए कार्यक्रम बनाए थे। कांग्रेस में बंद कर दिए।आदिवासियों के साथ शोषण छत्तीसगढ़ में नहीं चलेगा। जैसे ही यहां भाजपा सरकार बनेगी, वैसे ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए पहले की तरह ही बेहतर व्यवस्था बनाई जाएगी।

*दाना- दाना धान खरीदी करती है केंद्र सरकार* प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के धान किसानों को दिल की बात बताना चाहता हूं। कांग्रेस आपको धान की कीमतों के नाम पर धोखा दे रही है। झूठ बोल रही है। सच्चाई यह है कि छत्तीसगढ़ के धान किसानों का दाना दाना केंद्र सरकार खरीदती है। मोदी सरकार खरीदती है। एक लाख करोड़ रुपए छत्तीसगढ़ के धान किसानों को दिए हैं। यहां पर जब भाजपा सरकार बनेगी, धान किसानों का पूरा-पूरा ध्यान रखने की गारंटी मोदी की है। आप मेरे शब्द लिख लीजिए। आपका सपना ही मोदी का संकल्प है।बस्तर से पूरे प्रदेश में आयुष्मान योजना के तहत वैलनेस केंद्र बने हैं। 6000 ऐसे अस्पताल बनाए जा चुके हैं। 1000 से अधिक आयुष्मान केंद्र बस्तर संभाग में हैं। 5 लाख रुपए तक का इलाज दिया। मुफ्त राशन की व्यवस्था की। बिजली पानी का प्रबंध किया। आदिवासी परिवारों के स्वरोजगार के लिए विशेष योजनाएं चला रहे हैं। जो पहली बार अपना वोट डालने जा रहे हैं वे नवजवान मेरी बात सुनें। आपको 2014 के पहले की सरकार के बारे में जानना जरूरी है। दिल्ली में जो सरकार थी, अखबारों में बड़े-बड़े घोटाले छाए रहते थे। पूरी दुनिया में हमारे देश का नाम पूरी तरह बदनाम था। 2014 में देश ने कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंका और पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनाई। घोटाले की बजाय दुनिया में भारत के गौरव की गाथा गाई जाती है। सार्वजनिक चर्चा होती है। आज दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है।

*बदल देंगे लूट तंत्र*

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा इस पूरे लूट तंत्र को बदल देगी। कांग्रेस ने लोकतंत्र को लूट तंत्र बनाया है। प्रजातंत्र को परिवार तंत्र बनाया है। भाजपा सरकार बनते ही पीएससी घोटाले की जांच होगी। कोई कितना भी ताकतवर हो, मोदी उसको जेल में डालकर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!