झूठी सरकार को उखाड़ फेंकें- अरुण साव*
*भाजपा सरकार के कार्यों का स्मरण कराने आया हूं- डॉ. रमन*
*भाजपा प्रदेश प्रभारी माथुर ने दिखाई रथ को हरी झंडी*
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में विजय के संकल्प के साथ आज बस्तर के दंतेवाड़ा में आम सभा के बाद भाजपा की परिवर्तन यात्रा के रथ को छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रभारी ओम माथुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के नेतृत्व में दंतेवाड़ा से आरंभ हुई परिवर्तन यात्रा में साव ने अपने भाषण में कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार झूठ की सरकार है, वादा खिलाफी करने वाली सरकार है, इस सरकार को उखाड़ फेंकिए। स्वास्थ्य सुविधाओं का अकाल है। टारगेट किलिंग चल रही है। बस्तर के लोगों को प्रधानमंत्री आवास से वंचित रखा गया है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा। यदि बस्तर के लोग बिजली, पानी, स्वास्थ्य सुविधा, सड़क चाहते हैं तो यह सिर्फ भाजपा दे सकती है। 15 साल तक भाजपा ने बस्तर को वह सब दिया है। जो कांग्रेस 50 साल में नहीं दे सकी। श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार बनाना है तो नवंबर में कमल खिलाना है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस सरकार के 5 साल में सामने आए सारे घोटालों का उल्लेख करते हुए भूपेश बघेल सरकार पर हमला बोला।। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर आज परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ हुआ है। यह यात्रा विजय के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और यह संकल्प मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। भाजपा की सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य का विकास किया। राज्य की जनता के जीवन में खुशहाली लाई। भूपेश बघेल की सरकार छत्तीसगढ़ और बस्तर के आदिवासियों का केवल शोषण कर रही है। भाजपा के नेताओं कार्यकर्ताओं की टारगेट किलिंग की जा रही है। यह सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है। आने वाले समय में कमल खिलाना है और बस्तर के विकास को आगे बढ़ाना है। बस्तर की सभी 12 सीट भारतीय जनता पार्टी को सौंप कर ऐसी सरकार बनाएं जो जनता की भावनाओं के अनुरूप बस्तर और प्रदेश का विकास कर सके। हमारी सरकार ने जहां छत्तीसगढ़ को छोड़ा था, वहां से 5 साल में एक कदम भी विकास की दिशा में आगे नहीं बढ़ाया गया है। प्रदेश का विकास अवरुद्ध हो गया है। बस्तर सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। बस्तर की खुशहाली के लिए भाजपा की सरकार बनाना बहुत ज्यादा जरूरी है।भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद सुश्री सरोज पांडेय ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि परिवर्तन यात्रा का मतलब है सत्ता का परिवर्तन। परिवर्तन इसलिए जरुरी है कि आज से 5 साल पहले कांग्रेस पार्टी के नेता बस्तर आए और उन्होंने जनता के बीच में तरह तरह के खेल दिखाए। उन्होंने कहा था कि हमारी सरकार बनायें। उन्होंने परिवर्तन की बात की और झूठा खेल दिखाकर जनता को लुभाने का प्रयास किया था। उन्होंने हम बहनों के साथ छल किया। बहुत सारे वादे किए लेकिन कोई वादे नहीं निभाए घोषणा पत्र में 36 वादे किए गए थे। कांग्रेस की सरकार अब भरोसे का सम्मेलन करती है। भूपेश सरकार पर भरोसा तो कांग्रेस को ही नहीं है। सब जगह लिखा रहता था भूपेश है तो भरोसा है। अब जहां जहां भूपेश लिखा रहता था वहां भूपेश मिटा कर कांग्रेस लिखा जा रहा है। कांग्रेस के सम्मेलन में बड़े बुजुर्ग मल्लिकार्जुन आए थे। उनके व्यक्तित्व का यह आलम है कि जब भरोसे के सम्मेलन में बोलने के लिए खड़े हुए तो कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उठकर चले गए। सांसद सरोज पांडेय ने कहा कि भाजपा की सरकार में रेडी टू ईट योजना से जिन महिलाओं को घर चलाने के लिए पैसा मिलता था, भूपेश बघेल ने उनका रोजगार छीनकर ठेकेदार को कम दिया है। यह भरोसे की कैसी सरकार है। इस झूठी सरकार ने जो कहा किसी काम को पूरा नहीं किया। आज हम परिवर्तन यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की सरकार की विफलता से जुड़े इन सब विषयों को लेकर भाजपा के नेता जनता के बीच जा रहे हैं।केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार के भ्रष्टाचार की चर्चा तो दिल्ली तक में होती है। इस सरकार ने भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। आदिवासियों के शोषण और भ्रष्टाचार के अलावा सरकार का कोई काम सामने नहीं आया है। 5 साल से जनता का शोषण चल रहा है। अब हद हो चुकी है। इस सरकार से छुटकारा चाहिए।