गेवरा / दीपका।बीती रात एसईसीएल की गेवरा कोयला खदान में दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हुई हिंसक मारपीट के मामले में दीपका पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए करीब एक दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ नॉन-बेलेबल धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से खदान क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार कोयला लिफ्टिंग को लेकर लंबे समय से दबदबा बनाने की कोशिश की जा रही थी, जिसके चलते हालात लगातार बिगड़ रहे थे।
बीती रात मामला इस कदर उग्र हो गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और खदान परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। घटना में कई लोग घायल हुए, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।घटना की गंभीरता को देखते हुए दीपका थाना पुलिस ने बिना देर किए कठोर धाराओं के तहत नॉन-बेलेबल केस दर्ज करते हुए आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
पुलिस का साफ कहना है कि खदान क्षेत्र में किसी भी तरह की रंगदारी, दबंगई और गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद कोयला कारोबार से जुड़े माफिया तत्वों में खलबली मची हुई है, वहीं आम कर्मचारियों और मजदूरों ने राहत की सांस ली है।
सवाल यह है कि क्या यह सख्ती अब स्थायी रूप लेगी, या फिर कुछ समय बाद हालात फिर पुराने ढर्रे पर लौट जाएंगे? फिलहाल गेवरा खदान में पुलिस की सख्त नजर बनी हुई है ।

