कोरबा/दीपका | एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शुमार SECL की गेवरा परियोजना एक बार फिर अशांत हो गई है।
कोयला लिफ्टिंग के वर्चस्व को लेकर दो निजी कंपनियों के बीच हुई हिंसक झड़प ने पूरे खदान क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
बीती रात हुए इस खूनी संघर्ष में कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गेवरा खदान में कोयला लिफ्टिंग का कार्य कर रही के.के. एंटरप्राइजेज का लंबे समय से इस क्षेत्र में दबदबा रहा है। इसी कड़ी में बीती रात केसीपीएल (KCPL) कंपनी के कर्मचारियों के साथ के.के. एंटरप्राइजेज के लोगों की पहले तीखी बहस हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।और जानलेवा हमला कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष का आरोप है कि के.के. एंटरप्राइजेज से जुड़े कथित लोगों ने केसीपीएल कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में घायल कर्मचारियों को आनन-फानन में स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने दीपका थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है।
हालांकि, इस घटना ने खदान परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां पदस्थ SECL के अधिकारी और कर्मचारी भी इस हिंसक माहौल के कारण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

