दीपका // कोरबा, 7 अक्टूबर 2025:कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने एसईसीएल के दीपका क्षेत्र का दौरा किया और क्षेत्रीय प्रबंधन को सख्त संदेश दिया।
सूत्रों के अनुसार, दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र से मिल रही लगातार शिकायतों और अनियमितताओं के संकेतों को गंभीरता से लिया, और अधिकारियों को सतर्कता, पारदर्शिता तथा जवाबदेही की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
खनन कार्य और माइन योजना की समीक्षा
श्री त्रिपाठी ने दीपका क्षेत्र के प्रमुख विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने माइन व्यू पॉइंट का निरीक्षण किया और क्षेत्र में चल रहे खनन कार्यों व भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि “हर अधिकारी का पहला कर्तव्य संगठन और जनता के प्रति जवाबदेही निभाना है। ईमानदारी और सतर्कता ही वास्तविक प्रगति का आधार है।
एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में किया पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए सीवीओ ने “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “एक पेड़ सतर्कता के नाम” अभियान के अंतर्गत नए साइलो परिसर के निकट पौधा रोपा।इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण प्रबंधक सुश्री कीर्ति के.जी. से संवाद किया और उद्योग में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की।
खदान निरीक्षण के पश्चात श्री त्रिपाठी ने दीपका, गेवरा, कुसमुंडा एवं कोरबा क्षेत्रों के अधिकारियों के साथ संवाद सत्र किया।उन्होंने अपने प्रेरक नारे “जो जीता वही कोल इंडियन” को दोहराते हुए कहा कि “डर और पक्षपात से मुक्त होकर काम करने वाला ही सच्चा कोल इंडियन है।
”उन्होंने सभी अधिकारियों को पारदर्शिता और नैतिकता के उच्चतम मानक अपनाने की सलाह दी।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, श्री त्रिपाठी ने दीपका क्षेत्र से जुड़ी शिकायतों पर चर्चा के दौरान अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि सतर्कता से समझौता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि “संगठन की साख कर्मों से बनती है, और ग़लतियों से गिरती भी है।
दौरे के दौरान श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार (निदेशक तकनीकी – संचालन), श्री हिमांशु जैन (मुख्य सतर्कता अधिकारी, एसईसीएल) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।